रात के अंधेरे में वाहनों में तोड़फोड़ और तेल चोरी।
वाहन स्वामियों ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग।
थराली (चमोली): विकासखंड थराली के विभिन्न क्षेत्रों में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय खड़े वाहनों में तोड़फोड़ का एक बड़ा मामला सामने आया है। शरारती तत्वों ने तलवाड़ी गुडम स्टेट, देवराडा बैंड और थाला क्षेत्र में खड़े कई छोटे-बड़े वाहनों को निशाना बनाकर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है। इस घटना से आक्रोशित वाहन स्वामियों ने थराली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देवराडा के झुडकधार बैंड में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों के मालिकों—लक्ष्मण सिंह रावत, प्रदीप सिंह रावत, महावीर सिंह रावत, हिमांशु रावत, शंकर सिंह रावत और दिनेश सिंह रावत ने थाना प्रभारी को संयुक्त शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ितों का कहना है कि शुक्रवार की आधी रात को कुछ शरारती तत्वों ने वहां खड़ी कारों, बाइकों और स्कूटी में जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने दुपहिया और चौपहिया वाहनों के साइड मिरर और हेडलाइट्स तोड़ दिए। यही नहीं, उन्होंने दुपहिया वाहनों को बीच सड़क पर गिरा दिया, जिससे गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है।
वाहन स्वामियों ने शिकायत में यह भी बताया कि उपद्रवियों ने केवल तोड़फोड़ ही नहीं की, बल्कि बाइकों की टंकी के ढक्कन तोड़कर उनमें से तेल भी चोरी कर लिया। गुडम क्षेत्र के स्थानीय व्यापारी देवेंद्र रावत और भगोत सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इस तरह की हरकतों पर तुरंत लगाम लगाने की मांग की है। राजमार्ग पर इस तरह की घटना होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में असुरक्षा का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष थराली, विनोद चौरसिया ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा वाहनों को क्षतिग्रस्त करने और चोरी का मामला उनके संज्ञान में आया है। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


