गैरसैंण में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मान समारोह संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का लिया संकल्प।
समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी चमोली के अध्यक्ष सुरेश डिमरी, प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमति बिष्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल अग्रवाल, ब्लॉक महिला अध्यक्ष बसंती फर्स्वाण, महिला एससी विभाग की ब्लॉक अध्यक्ष गोविंदी देवी, सेवादल जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत सहित अनेक ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, न्याय पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर संगठन को ग्राम स्तर तक अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शीघ्र ही जिम्मेदार पदाधिकारियों की टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में कई लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। वक्ताओं ने इसे संगठन के विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भारी बारिश के बावजूद दूर-दराज़ के गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनता का बढ़ता विश्वास कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर गांव-गांव तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।




