बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर भारी मलबा, जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर ग्रामीण।
चमोली जनपद के बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर कई दिनों से जगह-जगह भारी मलबा और भूस्खलन होने के कारण मार्ग लगातार बाधित बना हुआ है। इसके बावजूद स्थानीय ग्रामीण, स्कूली बच्चे और अन्य यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
मार्ग बंद होने से क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें जोखिम भरे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से समस्या बनी होने के बावजूद संबंधित विभाग और सरकार की ओर से मार्ग को पूरी तरह सुचारु करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने जल्द से जल्द मलबा हटाकर सड़क को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


