पुराने सोने के आभूषण लौटाने के बजाय करता रहा टालमटोल, नंदानगर घाट पुलिस ने ज्वेलर्स को किया गिरफ्तार।
नया मंगलसूत्र बनाने के नाम पर लिए थे 6.8 ग्राम सोने के आभूषण, शिकायत के बाद विश्वासघात के आरोप में कार्रवाई।
चमोली। नंदानगर घाट क्षेत्र में पुराने सोने के आभूषण लेकर नया मंगलसूत्र बनाने का भरोसा देने के बाद लंबे समय तक न तो आभूषण लौटाने और न ही नया मंगलसूत्र देने के मामले में पुलिस ने एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने थाना नंदानगर घाट में शिकायत दर्ज कराई कि उसने 28 नवंबर 2024 को अपने पुराने सोने के आभूषण—4.300 ग्राम का पेंडेंट और 2.500 ग्राम की अंगूठी, कुल 6.800 ग्राम—स्थानीय प्रेम ज्वेलर्स के संचालक प्रेम सिंघानिया को नया मंगलसूत्र तैयार कराने के लिए दिए थे। आरोपी महिला के मकान में किरायेदार भी था, जिसके कारण उस पर विश्वास कर आभूषण सौंपे गए।
शिकायत में कहा गया कि तय समय बीत जाने के बावजूद आरोपी ने न तो नया मंगलसूत्र तैयार कर दिया और न ही पुराने आभूषण वापस किए। कई बार संपर्क करने पर भी वह लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद महिला ने थाना नंदानगर घाट में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर थाना नंदानगर घाट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य और तथ्य जुटाए। साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को पुलिस ने प्रेम ज्वेलर्स के संचालक प्रेम सिंघानिया को उसकी दुकान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


