आपदा प्रभावित कीमाणा गांव पहुंचे विधायक लखपत बुटोला।
प्रभावितों की समस्याएं सुन प्रशासन से समाधान की मांग।
**जोशीमठ।** बद्रीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत बुटोला ने आपदा प्रभावित जोशीमठ विकासखंड के कीमाणा गांव का दौरा कर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष आवासीय क्षति, कृषि भूमि को हुए नुकसान, सड़क, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। विधायक बुटोला ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
दौरे के दौरान विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से भी वार्ता कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करे।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।


