तमक नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, डीएम-एसपी ने लिया जायजा; लापता बीआरओ कर्मी की तलाश जारी।

तमक नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, डीएम-एसपी ने लिया जायजा; लापता बीआरओ कर्मी की तलाश जारी।
खबर शेयर करें:

तमक नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, डीएम-एसपी ने लिया जायजा; लापता बीआरओ कर्मी की तलाश जारी।


चमोली। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग के तमक नाले में आई फ्लैश फ्लड के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। बुधवार को जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तमक नाले का स्थलीय निरीक्षण कर रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आईटीबीपी, सेना और बीआरओ की टीमों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

10 अगस्त को तमक नाले में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में बीआरओ का एक कार्मिक और एक कैंपर वाहन बहने की सूचना के बाद लापता व्यक्ति की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तेज जलधारा के बावजूद विभिन्न एजेंसियों की टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं।

हवाई सर्वेक्षण कर ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र का भी लिया जायजा

स्थलीय निरीक्षण से पहले डीएम और एसपी ने तमक नाले के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। अधिकारियों ने फ्लैश फ्लड से प्रभावित क्षेत्रों, जलप्रवाह की स्थिति और आसपास के संवेदनशील भू-भाग का निरीक्षण किया।

इस दौरान वर्ष 2021 में रैणी क्षेत्र में ऋषिगंगा के ऊपरी हिस्से में ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी बाढ़ के उद्गम क्षेत्र का भी हवाई निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।

वैज्ञानिक जांच से सामने आएगा फ्लैश फ्लड का कारण

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि तमक नाले में अचानक आई फ्लैश फ्लड के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कराया जाएगा। विशेषज्ञ संस्थान से विस्तृत तकनीकी जांच कराकर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक और निवारक उपाय भी तय किए जाएंगे।

ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, हरसंभव मदद का भरोसा

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्रभावित लोगों को अधिकतम संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रेस्क्यू जवानों का बढ़ाया हौसला

डीएम और एसपी ने रेस्क्यू टीमों को तेज जलप्रवाह और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाने तथा सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने अभियान में जुटे जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें रिफ्रेशमेंट भी वितरित किया।

प्रशासन ने कहा कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहेगा। मौके पर एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, कर्नल शांतनु, लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक, मेजर विकास, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत बीआरओ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->