पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: महिलाओं के सशक्तीकरण का संकल्प, 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात।
**बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त; मुख्यमंत्री ने तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की भी की घोषणा।**
**चमोली।** मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग कर महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही जनपद को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि चमोली की गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो ऐतिहासिक संघर्ष किया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्षा मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत एवं नशामुक्ति के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया। इसके अलावा मधुमक्खी पालन, खेती, बांस उत्पाद निर्माण, प्राकृतिक खेती, कृषि, खेल, स्वरोजगार और लखपति दीदी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान मिला।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
**30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण**
मुख्यमंत्री ने जनपद में 149.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास तथा 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में 92.156 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण, थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग, हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग, धार डुंग्री-मैखुरा से निवाड़ी मोटर मार्ग तथा कर्णप्रयाग-नौटी से चौण्डली ल्यूथा मोटर मार्ग शामिल हैं।
वहीं लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला एवं वर्कशॉप निर्माण, गौचर और उर्गम में बीपीएचयू भवन, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन एवं अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
**तीन मोटर मार्गों की घोषणा**
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से जुड़ाव प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


