मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी
गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण, वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को मिला गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026
गौचर।** ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है, जिसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
उन्होंने कहा कि चमोली भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
सिमली अस्पताल के मामले में बनेगी कमेटी**
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर मामले का समाधान तलाशेगी। वहीं, गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।
गौचर और गैरसैंण को मिली पेयजल योजनाओं की सौगात**
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को मिला सम्मान**
समारोह में पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को मुख्यमंत्री ने ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों विभूतियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


