उत्तराखंड के अग्निवीर जवान की जम्मू कश्मीर में मौत ।
चंपावत-भारत पाकिस्तान सीमा पर उत्तराखंड के चंपावत के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से निधन हो गया है. जवान दो साल पहले बतौर अग्निवीर भर्ती हुआ था. वर्तमान में जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनात था. वहीं, अग्निवीर जवान के निधन की सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर है तो उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. बताया जा रहा जवान का पार्थिव शरीर सोमवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है.
जानकारी के मुताबिक, चंपावत जिले के पाटी विकासखंड के खरही गांव निवासी अग्निवीर जवान दीपक सिंह पुत्र शिवराज सिंह (उम्र 23 वर्ष) दो साल पहले अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती हुआ था. ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा के पास सेना की अग्रिम चौकी में तैनाती मिली थी.
बीती शनिवार यानी 22 नवंबर की दोपहर करीब 2.30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में दीपक सिंह को गोली लगी. गोली चलने की आवाज सुनते ही सेना के अन्य जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. जवानों के द्वारा खून से लथपथ दीपक को बटालियन चिकित्सा शिविर में पहुंचाया गया ।जहां सेना के डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया.


