सोनप्रयाग में टैक्सी से 41 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद।
गुप्तकाशी का चालक गिरफ्तार।
सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग), 4 जून 2026: श्री केदारनाथ धाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और नशामुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कड़ा एक्शन ले रही है। इसी कड़ी में चेकिंग अभियान के दौरान सोनप्रयाग पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी से तस्करी कर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आज गुरुवार 4 जून 2026 को सोनप्रयाग कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम यात्रा मार्ग पर संयुक्त रूप से वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर टैक्सी वाहन (संख्या UK13 TA 8222) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई इम्पीरियल ब्लू मार्का की 41 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान अमित सिंह (पुत्र भगत सिंह) के रूप में हुई है, जो कि जनपद रुद्रप्रयाग के कोतवाली गुप्तकाशी के अंतर्गत ग्राम बरम्वाड़ी का निवासी है। आरोपी के पास से शराब परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले।
सोनप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे स्विफ्ट डिजायर टैक्सी वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया है। इसके साथ ही अभियुक्त अमित सिंह के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में धारा 60/72 उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


