200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार में लगी आग।
दो की मौत, तीन घायल।
चम्पावत, 19 जून 2026। बाराकोट क्षेत्र के बापरू-बनतोली मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार सड़क से लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिला कंट्रोल रूम (DCR) को दुर्घटना की सूचना मिली। रेस्क्यू टीम पहुंचने पर देखा कि एक टाटा पंच वाहन गहरी खाई में गिरा हुआ था और उसमें आग लगी हुई थी। SDRF और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से विषम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन तक पहुंच बनाई।
वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। रेस्क्यू टीम ने घायल नीतू देवी (31 वर्ष), अक्षिता (8 वर्ष) और आरव (5 वर्ष) को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (47 वर्ष), निवासी अँजेड़ा, डीडीहाट और बलदेव कुमार (34 वर्ष), निवासी ननकोड़ी, अँजेड़ा, डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। SDRF ने दोनों शवों को खाई से निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।


