बस और बाइक की भीषण भिड़ंत।
एक युवक की मौके पर ही मौत।
दूसरा गंभीर रूप से घायल।
देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत मूल्या गांव से करीब 3 किलोमीटर देवप्रयाग की ओर सुबह लगभग 9:05 बजे हुआ। एक बस (नंबर UK-11-PA-0316) ऋषिकेश से गोपेश्वर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा (श्रीनगर) से आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर UK-12-G-1916) की बस से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के वक्त मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान वासु और रहमत के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे युवक को गंभीर हालत में देख देवप्रयाग के तहसीलदार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल उसे अपने सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवप्रयाग पहुँचाया। डॉक्टरों की देखरेख में घायल का इलाज चल रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक श्रीनगर में पीओपी (Plaster of Paris) का काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम और आवश्यक कार्रवाई के लिए श्रीकोट स्थित मोर्चरी भेज दिया है।इस दुखद घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।


