ब्रेक फेल होने से राशन से लदा ट्रक पलटा।
हेल्पर घायल, चालक सुरक्षित।
ऋषिकेश/शिवमूर्ति। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवमूर्ति के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब राशन से लदा एक ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक का हेल्पर मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि चालक सुरक्षित बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या HR-58D-5299 हरियाणा के यमुनानगर से गेहूं लेकर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के श्रीनगर स्थित गोदाम की ओर जा रहा था। शिवमूर्ति क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क पर पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल हेल्पर को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


