गंगोत्री हाईवे पर फिर बड़ा हादसा, धराली के पास नाले में गिरी कार; दिल्ली के एक ही परिवार के 4 लोग घायल।
उत्तरकाशी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के रूट पर सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार सुबह गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार धराली के पास अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे समेत परिवार के 4 लोग घायल हो गए हैं।
स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सुरक्षित निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हर्षिल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कार सवार सभी लोग द्वारका, पश्चिमी दिल्ली के रहने वाले हैं। हादसे में अनुराग सक्सैना, बरखा सक्सैना, प्रतिमा सक्सैना और 5 वर्षीय मासूम अवयुक्त घायल हुए हैं। यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धराली के समीप हुई। सभी श्रद्धालु कार से गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे।
राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धराली क्षेत्र में पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदा के कारण गंगोत्री हाईवे का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस संवेदनशील पैच पर वर्तमान में प्रशासन द्वारा बनाई गई एक अस्थायी सड़क से ही यातायात का संचालन किया जा रहा है। संकरी और अस्थाई सड़क होने के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठे और कार सीधे नाले में जा गिरी।
गंगोत्री हाईवे पर 3 दिन में दूसरा हादसा ,चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 29 मई को भी हेल्गुगाड़ क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उसके ठीक बाद गंगोत्री हाईवे पर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


