स्कूटी खाई में गिरने से युवती की मौत।
सहेली गंभीर रूप से घायल।
कोटद्वार: कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां चुनाधार बैंड के पास एक अनियंत्रित स्कूटी सड़क से फिसलकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल है। घायल युवती की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोटद्वार की ओर से आ रही एक स्कूटी (संख्या: UK07DG8232) जैसे ही चुनाधार बैंड के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अनियंत्रित होने के कारण स्कूटी सड़क किनारे पैराफिट को पार करते हुए लगभग 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्कूटी सवार दोनों युवतियां भी वाहन के साथ नीचे जा गिरीं।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान 22 वर्षीय प्रियांशी ने जख्मों की ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी युवती, 20 वर्षीय निधिता (पुत्री सुशील सिंह, निवासी उमरावनगर), गंभीर रूप से घायल है। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर भेज दिया है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है। इस अचानक हुए हादसे के बाद से मृतका प्रियांशी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


