खराब मौसम बना राहुल गांधी की अल्मोड़ा रैली में बाधा।
हेलीकॉप्टर को लौटना पड़ा पंतनगर।
अल्मोड़ा। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi गुरुवार को प्रस्तावित जनसभा को संबोधित करने अल्मोड़ा पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका कार्यक्रम प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में मौसम अचानक खराब होने पर हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर लौटना पड़ा।
राहुल गांधी को अल्मोड़ा में आयोजित ‘परिवर्तन का शंखनाद’ जनसभा को संबोधित करना था। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण वे कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके। बाद में उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया और उपस्थित लोगों से खेद व्यक्त करते हुए जल्द दोबारा उत्तराखंड आने का भरोसा दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान पायलट ने खराब मौसम की जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से वापस पंतनगर लौटने का निर्णय लिया गया। उन्होंने अल्मोड़ा की जनता से माफी मांगते हुए कहा कि वह जल्द ही फिर उत्तराखंड आएंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड में कांग्रेस के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे, जो उनके संबोधन का इंतजार कर रहे थे।


