जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि को सूचना मिली कि कुंड बैराज के पास डैम के मध्य एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि शव डैम के बीच पानी में फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालना अत्यंत जोखिमपूर्ण था। इसके बावजूद SDRF जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान आरक्षी मुकेश कुमार ने विशेष बहादुरी दिखाते हुए पानी के बीच पहुंचकर शव तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर खींचकर किनारे तक पहुंचाया। इसके बाद SDRF टीम ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
SDRF के इस त्वरित एवं साहसिक अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त और मामले की जांच की जा रही है।


