72 घंटे में अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो मासूम सुरक्षित बरामद, 6 गिरफ्तार।

72 घंटे में अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो मासूम सुरक्षित बरामद, 6 गिरफ्तार।
खबर शेयर करें:

 72 घंटे में अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो मासूम सुरक्षित बरामद, 6 गिरफ्तार।


हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 72 घंटे के भीतर एक बड़े अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो महिलाओं समेत गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हरिद्वार के बैरागी कैंप से अगवा की गई तीन वर्षीय मासूम राधिका और दिल्ली से चोरी किए गए डेढ़ वर्षीय बच्चे कार्तिक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

मामला बीती 6 जून का है, जब बैरागी कैंप निवासी विनोद सोलंकी ने कोतवाली कनखल में अपनी तीन साल की बेटी राधिका के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने खुद कमान संभाली। उन्होंने तुरंत कई पुलिस टीमों का गठन किया और हर घंटे की प्रगति रिपोर्ट तलब की।

पुलिस ने डिजिटल और मैनुअल जांच का जाल बिछाया। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और डंप डेटा के विश्लेषण के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ घेराबंदी से घबराकर गिरोह के सदस्य मासूम राधिका को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग निकले। हरिद्वार पुलिस ने तुरंत दिल्ली पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। गिरोह ने गत 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से डेढ़ वर्षीय बच्चे कार्तिक का भी अपहरण किया था। आरोपियों ने उसे उत्तर प्रदेश के बदायूं में डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। हरिद्वार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्तिक को भी सकुशल बरामद कर लिया और इस संबंध में दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह का नेटवर्क उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। गिरोह में बच्चों को चुराने, उन्हें छिपाकर रखने, ग्राहक ढूंढने और फर्जी माता-पिता बनकर डील करने के लिए काम बंटा हुआ था। आरोपी मोहम्मद आकिल और प्रीति शर्मा बच्चों का सौदा तय करते थे। गिरोह निःसंतान दंपतियों को निशाना बनाकर बच्चों को दो से पांच लाख रुपये में बेचता था।

पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों मोहम्मद, आकिल, नसीमा, जुल्फेकार, धर्मेंद्र कुमार, प्रीति शर्मा,शिवा सिंह उर्फ गौरव को दबोचा है, 

इस गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी की सख्त धाराएं भी बढ़ा दी हैं।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->