कर्णप्रयाग में निहंग यात्रियों का धारदार हथियार से हमला, चार घायल।
एक घायल को भेजा एयर एम्बुलेंस से देहरादून।
चार आरोपी पुलिस हिरासत में।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा पैलेस होटल के समीप निहंग यात्रियों और स्थानीय निवासी प्रकाश रावत के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों ने हमला कर दिया, जिससे कुल चार लोग घायल हो गए।
घायलों में एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून भेजा गया है, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और हमला करने वाले चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष के गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0-17/2026 के तहत धारा 281, 125, 109, 352 और 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों से वार्ता कर माहौल को शांत कराया। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राजमार्ग पर यातायात जल्द ही सुचारू कर दिया गया।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े अन्य जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात को नियंत्रित किया गया। साथ ही मौके पर फंसे यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा वर्तमान में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सामान्य है। वहीं एसपी चमोली ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें, अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।


