5 पेटी व्हिस्की के साथ स्कूटी सवार गिरफ्तार, वाहन सीज।
रुद्रप्रयाग, 4 जून 2026: जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी फाटा पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कूटी से तस्करी की जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, चौकी फाटा पुलिस टीम क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी (संख्या UK07DS-9715) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच करने पर स्कूटी के भीतर से मैकडॉवेल व्हिस्की की 12 बोतलें और 96 पव्वे (कुल 5 पेटी) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही शराब परिवहन कर रहे तस्कर को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान आशीष कुमार पुत्र शिवलाल, निवासी तालजामण (पोस्ट बड़ेथ, कोतवाली गुप्तकाशी, जनपद रुद्रप्रयाग) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी बरामद शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को मौके पर ही सीज कर दिया है। इसके साथ ही अभियुक्त आशीष कुमार के खिलाफ कोतवाली गुप्तकाशी में मु.अ.सं. 21/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


