मध्य रात्रि पत्थरों से भरा डम्पर खाई में गिरा, चालक सुरक्षित।
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल क्षेत्र में रविवार मध्य रात्रि एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ पत्थरों से भरा एक डम्पर अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रात को ही सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और डम्पर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डम्पर पत्थरों को लादकर भीमताल से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भीमताल से कुछ आगे अचानक डम्पर अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे गहरी खाई में गिरा।
कंट्रोल रूम की सूचना पर रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ रात के अंधेरे में ही घटनास्थल पर पहुँची। गहरी खाई और रात के सन्नाटे के बावजूद जवानों ने तुरंत नीचे उतरकर मलबे में फंसे चालक की तलाश शुरू कर डम्पर चालक को मलबे और क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल चालक की पहचान सूरज सिंह बिष्ट (पुत्र श्री देवेंद्र सिंह) के रूप में हुई है, जो कि कसियालेक, मुक्तेश्वर का रहने वाला है। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी चालक को केवल हल्की चोटें आई हैं। टीम ने तुरंत 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उसे उपचार के लिए भवाली अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


