शोरूम में लाखों की चोरी करने वाले दिल्ली के बंटी-बबली गिरफ्तार।
₹3 लाख की सिल्क साड़ियां और नगद बरामद।
देहरादून: दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र के एक नामी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना को अंजाम देने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें एक महिला समेत दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी दिल्ली से देहरादून घूमने के लिए आए थे। राजपुर क्षेत्र में घूमने के दौरान उनकी नजर एक बड़े शोरूम पर पड़ी। शातिर आरोपियों ने पहले शोरूम की अच्छी तरह से रैकी की और फिर रात के अंधेरे में मौका पाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। चोर शोरूम से कीमती सिल्क की साड़ियां और नगद लेकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के कड़े निर्देशों पर राजपुर पुलिस और एसओजी की टीमों को एक्टिव किया गया। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें दिल्ली से दबोच लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹3 लाख मूल्य की सिल्क की महंगी साड़ियां, ₹2 लाख रुपये की नगद राशि,वारदात में इस्तेमाल अन्य साक्ष्य सामान बरामद किया ।


