देहरादून बना अपराधियों का अंडा।
6 नंबर पुलिया शराब ठेके पर चली गोली।
अपराधों से त्रस्त लोगों का फूटा गुस्सा।
ठेका हटाने की मांग फिर हुई तेज।
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के रिंग रोड स्थित 6 नंबर पुलिया पर अंग्रेजी शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार शाम हुई इस वारदात में दो लोग गोली लगने से घायल हुए, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घायलों में नवीन राणा के कंधे में गोली लगी है, जिनका इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिन्हें दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि 6 नंबर पुलिया स्थित शराब का यह ठेका लंबे समय से क्षेत्र में झगड़े, मारपीट और आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय निवासी कई बार इस ठेके को हटाने या बंद करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ताजा फायरिंग की घटना के बाद लोगों ने एक बार फिर ठेके के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से शराब का ठेका तत्काल बंद करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी मांग पर ध्यान दिया जाता, तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकती थी।



