पुलिस पर फायरिंग का फरार आरोपी गो-तस्कर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।
गदरपुर/बाजपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी गो-तस्कर मोइन पुत्र मोहम्मद यामीन, निवासी मुरादाबाद, को बाजपुर के करोना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मोइन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और करीब 17 किलोग्राम गोमांस बरामद किया गया है।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस का कहना है कि मोइन गोकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।


