गौरीकुंड में पहाड़ी से गिरा भारी मलबा।
चपेट में आई दुकान; टला बड़ा हादसा।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार जारी भारी बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गौरीकुंड प्रीपेड काउंटर के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिर गए, जिसकी चपेट में आकर एक दुकान पूरी तरह ध्वस्त हो गई।राहत की बात यह रही कि मलबा आने की आहट मिलते ही दुकान के अंदर और आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले। इस सूझबूझ के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का मुआयना किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मलबे को हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बेहद बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और केदारनाथ धाम आ रहे श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने अपील की है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें।बहुत जरूरी न होने पर अनावश्यक आवाजाही से बचें।खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।


