चलती कार पर गिरा भारी मलबा।
SDRF ने सूझबूझ से सुरक्षित बचाई 6 जिंदगियां।
पौड़ी। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में जारी भारी बारिश के बीच आज (2 जुलाई 2026 को) सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां दिल्ली जा रही एक इनोवा कार के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिर गए। कार में एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत कुल 6 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस ने मूसलाधार बारिश के बीच चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दिल्ली जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी यात्री थैलीसैंण से दिल्ली जा रहे थे। जब उनकी कार सतपुली-पौड़ी मार्ग पर पहुंची, तभी पहाड़ी से अचानक मलबा आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से कार बुरी तरह फंस गई और यात्रियों की जान पर बन आई। कार में सवार लोगों की पहचान संपत्ति देवी (68 वर्ष), दिलबर सिंह (46 वर्ष), करिश्मा नेगी (36 वर्ष), प्रशांत नेगी (13 वर्ष), ओजस नेगी (8 वर्ष) और वाहन चालक के रूप में हुई है।
SDRF का त्वरित एक्शन
थाना सतपुली से सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। लगातार हो रही बारिश और दोबारा भूस्खलन के खतरे के बीच टीम ने बेहद सूझबूझ और फुर्ती से काम किया। स्थानीय पुलिस के समन्वय से कार में फंसे बच्चों और बुजुर्ग महिला सहित सभी 6 लोगों को बिना किसी गंभीर चोट के सकुशल निकाल लिया गया।


