रेस्क्यू के दौरान एक और श्रमिक मिला, अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित; दो की तलाश जारी।
टनल में जमा पानी बना बड़ी चुनौती, सक्शन पंपों से पानी निकालने का काम तेज।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत कई टीमें जुटीं।
चमोली, 15 अगस्त।मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और राहत-बचाव अभियान लगातार युद्धस्तर पर जारी है। शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेस्क्यू टीमों ने देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, निवासी दहीकोंगा, छत्तीसगढ़ को टनल से बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद टनल हादसे में लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश और तेज कर दी गई है। रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और संभावित स्थानों पर पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
टनल में पानी बना चुनौती
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल में जमा पानी बड़ी चुनौती बना हुआ है। पानी की निकासी के लिए सक्शन पंपों समेत अन्य आवश्यक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पानी का स्तर कम होने के साथ रेस्क्यू टीमों की टनल के भीतर आवाजाही सुगम होने और संभावित स्थानों तक पहुंचने की उम्मीद है।
कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
राहत और बचाव अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार काम कर रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन की उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है और अभियान को गति देने के लिए मौके पर आवश्यक संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टनल के सभी संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं और लापता श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


