भाजपा नेत्री मधु चौहान की कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी, कंधे में लगी चोट।
देहरादून। दून-पोंटा फोरलेन के प्रतीतपुर क्षेत्र में बद्रीपुर हाईवे पर शुक्रवार को भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अचानक कार का संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क से नीचे चला गया। हादसे में मधु चौहान के कंधे में चोट आई, जबकि कार चालक को भी चोटें लगी हैं। दोनों की चोटें फिलहाल सामान्य बताई जा रही हैं।
हादसे के तुरंत बाद दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल धर्मावाला ले जाया गया। इसके बाद मधु चौहान को विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। चश्मदीदों के मुताबिक, कार के सड़क से नीचे उतरने के बावजूद बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल मधु चौहान की हालत सामान्य बताई जा रही है।


