कीर्तिनगर में सड़क की बदहाली पर कांग्रेस का हमला, लोनिवि पर लगाए लापरवाही के आरोप।
टिहरी गढ़वाल। कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र स्थित संगम विहार, मंगसू और सुपाणा की जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. प्रताप भंडारी ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
डॉ. भंडारी ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति के लिए पूरी तरह लोनिवि विभाग जिम्मेदार है। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारी लंबे समय से इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। कई बार अधिकारियों को सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
डॉ. भंडारी ने मांग की कि विभाग जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।


