बलवान नाले में अचानक बढ़ा जलस्तर, बीच धारा में फंसा वाहन; बद्रीनाथ पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
चमोली। बद्रीनाथ–माणा मार्ग स्थित बलवान नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से एक वाहन बीच नाले में फंस गया। वाहन में सवार यात्री बाहर नहीं निकल पा रहे थे, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बद्रीनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यदायी संस्था के सहयोग से जेसीबी मंगवाकर रेस्क्यू अभियान चलाया और फंसे वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी यात्रियों को भी सकुशल बाहर निकालकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू के बाद यात्रियों ने बद्रीनाथ पुलिस और कार्यदायी संस्था की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान उफनते नालों, गधेरों और जलभराव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं। थोड़ी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।


