चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का डीएम ने कराया निरीक्षण, मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश।
भूस्खलन प्रभावित स्थलों का जायजा, मलबा हटाने, जल निकासी सुधारने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता से मरम्मत के आदेश।
**चमोली।** लगातार हो रही बारिश से प्रभावित चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की संयुक्त टीम ने सोमवार को सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और जल निकासी व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सड़क पर भूस्खलन से आए मलबे को तत्काल हटाने, जलभराव रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर नालियों के निर्माण एवं सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत किए जाने की आवश्यकता बताई। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की गई है।
दशोली विकासखंड अंतर्गत स्थित चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। मानसून के दौरान सुरक्षित और सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संयुक्त टीम को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क पर सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में जनपद के सभी संवेदनशील सड़क मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


