दो दशक बाद भी अधूरा सैंजी लगा–मैकोट-बेमरु–डुमक–कलगोठ मोटर मार्ग, मैनागाड से आगे सड़क जोड़ने में नाकाम सिस्टम!
किमी 15 मैनागाड से डुमक-कलगोठ तक सड़क न जुड़ने से ग्रामीणों में आक्रोश, ग्राम प्रधान रविंद्र नेगी ने मंडलायुक्त के सामने उठाया मामला।
**चमोली।** सैंजी लगा–मैकोट-बेमरु–डुमक–कलगोठ मोटर मार्ग का निर्माण कार्य दो दशक बीतने के बाद भी पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सड़क निर्माण में हो रही लगातार देरी और किमी 15 मैनागाड से डुमक-कलगोठ तक मोटर मार्ग को न जोड़े जाने का मामला अब मंडलायुक्त के सामने उठाया गया है।
ग्राम प्रधान बेमरु **रविंद्र नेगी** ने मंडलायुक्त से सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने और मैनागाड से डुमक-कलगोठ तक सड़क को जोड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर दो दशक बाद भी महत्वपूर्ण मोटर मार्ग अधूरा क्यों है और जिम्मेदार विभाग इस मामले में अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर पाया। उन्होंने शासन-प्रशासन से समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कर क्षेत्रवासियों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।


