जहर की राह’ ने खोली नशे की काली हकीकत, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प ।
ग्वाड़ देवलधार में नशा मुक्त युवा–नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी और वृक्षारोपण भी हुआ।
गोपेश्वर/चमोली। नशे के बढ़ते खतरे के बीच युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ग्वाड़ देवलधार में नशा मुक्त युवा–नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेह ट्रस्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से लेकर इसकी रोकथाम और उपचार तक की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जहर की राह’ फिल्म का प्रदर्शन रहा। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि किस तरह नशे की शुरुआत धीरे-धीरे व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खतरों के प्रति भी सचेत किया गया।
इस दौरान नशे से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।
नशे के खिलाफ परिवार और स्कूलों को बनना होगा मजबूत प्रहरी
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए परिवार, विद्यालय, समाज और प्रशासन को सामूहिक रूप से प्रयास करने होंगे। वक्ताओं ने शिक्षा, खेल, योग, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सोच को युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ युवा, दोनों ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पुनीत कुमार, नेह ट्रस्ट फाउंडेशन के निदेशक सुनील पुंडीर, राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. भगत सिंह राणा ‘हिमाद’, मीडिया प्रभारी एवं कोषाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, युवा मोर्चा प्रभारी जितेंद्र सिंह नेगी, पर्यावरणविद् धन सिंह घरिया, सुधीर तिवारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एसओजी गोपेश्वर की टीम, प्रभारी प्रधानाचार्य मालती चौहान, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
नेह ट्रस्ट फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी एवं कोषाध्यक्ष मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गांव-गांव और विद्यालय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।


