पीपलकोटी टनल हादसा: एक और श्रमिक का शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 09 हुई।
चमोली। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। कठिन परिस्थितियों के बीच SDRF समेत विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियां टनल के भीतर लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
मंगलवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान रेस्क्यू टीम ने एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाला। श्रमिक की पहचान लुकास टोपनो पुत्र बोयसा टोपनो (31 वर्ष), निवासी ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद अब मृत श्रमिकों की संख्या बढ़कर 09 हो गई है, जबकि 01 श्रमिक अभी भी लापता बताया जा रहा है। लापता श्रमिक की तलाश के लिए SDRF और अन्य रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें लगातार टनल के भीतर सर्चिंग कर रही हैं।
लगातार कई दिनों से चल रहे इस रेस्क्यू अभियान के बीच एक और श्रमिक का शव मिलने से हादसे की भयावहता और बढ़ गई है। रेस्क्यू टीमें मलबे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंतिम लापता श्रमिक की तलाश में जुटी हुई हैं।


