"कार्ड स्क्रैच करो इनाम पाओ" के नाम पर भ्रम फैलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार।
इनाम का लालच देकर ग्रामीणों को ठगने की कोशिश नाकाम।
बिना पुलिस वेरिफिकेशन फेरी लगा रहे थे।
चमोली (नन्दानगर): उत्तराखंड के चमोली जिले में "कार्ड स्क्रैच करो और इनाम पाओ" के नाम पर धोखाधड़ी और भ्रम फैलाने वाले एक गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
थाना नन्दानगर पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे उत्तर प्रदेश के 7 युवकों को दबोचा है। ये आरोपी स्थानीय लोगों को महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान और लॉटरी का लालच देकर ठगने की कोशिश कर रहे थे।
23 मई 2026 को नन्दानगर कस्बे के स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ बाहरी व्यक्ति फेरी लगाकर इलेक्ट्रॉनिक सामान बेच रहे हैं। ये लोग ग्रामीणों को "इनामी स्क्रैच कार्ड" दिखाकर जाल में फंसा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 7 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
थाने लाकर की गई सख्त पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि पकड़े गए सभी युवक उत्तर प्रदेश के कानपुर और औरैया जिले के रहने वाले हैं। ये सभी बिना किसी स्थानीय पुलिस सत्यापन (Police Verification) के पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापार कर रहे थे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है। साथ ही सख्त हिदायत दी है कि बिना सत्यापन दोबारा क्षेत्र में कदम न रखें।
पकड़े गए आरोपियों अनुप कुमार (कानपुर, उ0प्र0)रविन्द्र सिंह (कानपुर, उ0प्र0)शिवम कुमार (कानपुर, उ0प्र0)अंकित नायक (कानपुर, उ0प्र0)शक्ति सिंह (कानपुर, उ0प्र0)सुमित नारायण (औरैया, उ0प्र0)पुष्पेन्द्र (औरैया, उ0प्र0) के रहने वाले हैं।
चमोली पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार के फर्जी इनाम, स्क्रैच कार्ड या लॉटरी के लालच में न आएं। यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आपके गांव या कस्बे में घूमता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।


