मैक्स वाहन पलटा से 9 घायल।
रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मैक्स वाहन पलटा, 9 लोग घायल, रेस्क्यू टीम ने तत्परता से बचाया
रुद्रप्रयाग, 23 मई 2026: राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जा रही एक मैक्स गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक समेत कुल 9 लोग घायल हो गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शनिवार सुबह 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को इस हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया। बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
DEOC के निर्देश पर तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस टीम और राहत-बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर बेहद तत्परता और आपसी तालमेल के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलया।
टीमों ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, वाहन में सवार 8 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। हालांकि, वाहन चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसका डॉक्टरों की देखरेख में विशेष उपचार चल रहा है।
जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने प्रतिबद्धता जताई है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत कार्य के जरिए आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


