तोताघाटी के पास ब्रेक फेल होने से पलटी 39 तीर्थयात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार।
SDRF ने किया रेस्क्यू।
टिहरी गढ़वाल। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से दर्शन कर ऋषिकेश की ओर लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर ही पलट गई। हादसे के वक्त बस में कुल 39 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मोर्चा संभाला।
मिली जानकारी के मुताबिक, आज 7 जून 2026 की सुबह लगभग 08:30 बजे जिला कंट्रोल रूम (DCR) टिहरी के माध्यम से SDRF को तोताघाटी के पास बस पलटने की सूचना मिली। बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस (संख्या: UK04 PA 0418) के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई।
गनीमत रही कि बस खाई में गिरने के बजाय सड़क पर ही पलट गई, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया। इस दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देते हुए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है। बस में सवार शेष सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं
हादसे की खबर मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ बेहतरीन तालमेल बिठाकर बस के भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की। हाईवे पर पलटी बस को हटाकर यातायात सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


