नगरासू गुरुद्वारा साहिब घटना के बाद प्रशासन ने दी सफाई।
हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित
रुद्रप्रयाग, 21 जून। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुई घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति को लेकर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यात्रा मार्गों पर कहीं भी किसी प्रकार का अवरोध नहीं है तथा श्रद्धालुओं का आवागमन सामान्य रूप से जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी सड़क मार्ग खुले हैं और यात्रा व्यवस्थाएं पूरी तरह सामान्य बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है।
उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बिना किसी चिंता के श्री हेमकुंड साहिब एवं चारधाम यात्रा में सम्मिलित हो सकते हैं।
प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से साझा न करें, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि नगरासू की घटना का चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है तथा सभी यात्राएं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।


