दिल्ली अग्निकांड: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केशव नेगी के परिजनों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग।
देहरादून/चमोली। दिल्ली में हुए दर्दनाक अग्निकांड के मामले में गिरफ्तार चमोली जिले के रिखोली गांव निवासी केशव नेगी के परिवार से सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
गणेश गोदियाल ने कहा कि दिल्ली अग्निकांड में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, लेकिन एक शेफ के रूप में कार्यरत केशव नेगी को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराकर गिरफ्तार किया जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की चूक हुई है तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा वास्तविक जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी साधारण कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के लोगों के हितों की रक्षा का दावा करने वाले भाजपा नेता इस मामले में केवल बयानबाजी तक सीमित दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में संवेदनशील है तो उसे इस मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि केशव नेगी और उनका परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है तथा पूरे उत्तराखंड की जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी भी परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाती रहेगी।


