दून अस्पताल पहुंचकर पूर्व विधायक मनोज रावत ने जाना क्रांति सेमवाल का हालचाल।
देहरादून। उत्तराखण्ड क्रांति दल के प्रखर नेता स्वर्गीय गंगाधर सेमवाल के सुपुत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता क्रांति सेमवाल के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत देर शाम दून अस्पताल पहुंचे। लगभग एक सप्ताह पूर्व अपने आवास की छत से गिरने के कारण क्रांति सेमवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।
मनोज रावत ने बताया कि चार दिन पूर्व डॉ. कैलाश पुष्पवान ने उन्हें इस दुर्घटना की जानकारी दी थी। उस समय दून अस्पताल में आवश्यक एवं त्वरित उपचार को लेकर कुछ दिक्कतें सामने आई थीं। इसके बाद अस्पताल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु कराया गया।
उन्होंने कहा कि क्रांति सेमवाल और उनके बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों आमने-सामने चुनाव मैदान में थे, लेकिन राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद उनके व्यक्तिगत संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण और आत्मीय बने रहे।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की बैठक में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंचे मनोज रावत ने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद दून अस्पताल जाकर क्रांति सेमवाल का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि क्रांति सेमवाल की देखभाल उनके नवोदय विद्यालय जाखधार के सहपाठी और मित्र पूरी तत्परता से कर रहे हैं तथा लगातार उनका सहयोग कर रहे हैं।
अस्पताल में मुलाकात के दौरान मनोज रावत ने क्रांति सेमवाल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने बताया कि अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
मनोज रावत ने कहा कि वे क्रांति सेमवाल के स्वास्थ्य को लेकर लगातार संपर्क में थे और आगे भी उनके पूर्ण स्वस्थ होने तक हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।


