85 लाख का गांजा बरामद।
पुलिस को देख भागे तीन तस्कर, एक दबोचा।
सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): जिले की शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान करीब 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 85 लाख रुपये आंकी गई है।
मौके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार महाजन के निर्देश पर जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवनगर डिड़ई थानाध्यक्ष बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर स्थित शौचालय के पास पांच बड़े प्लास्टिक के बोरे दिखाई दिए, जिसके पास चार संदिग्ध लोग खड़े थे। पुलिस की गाड़ी को अपनी तरफ आता देख चारों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो तीन आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गए, जबकि टीम ने दौड़कर एक आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने जब मौके पर छूटे पांचों प्लास्टिक के बोरों की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा भरा हुआ था। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 162 किलोग्राम निकला। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है। मौके से फरार हुए उसके तीन अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


