पहचान छिपाकर चमोली के लंगर में सेवा कर रहा था यह शख्स, जब खुली असलियत तो उड़ गए सबके होश।
भक्ति का चोला... दिल में कत्ल का राज! चमोली पुलिस और पंजाब पुलिस का बड़ा 'ज्वाइंट ऑपरेशन'

चमोली (उत्तराखंड): पंजाब में हत्या की वारदात को अंजाम देकर उत्तराखंड के पहाड़ों में फरारी काट रहा इनामी बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पंजाब पुलिस ने चमोली जिले के लंगासू के समीप बेडाणु इलाके से आरोपी नवजोत उर्फ मनी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नवजोत उर्फ मनी बाबा ने पंजाब के कपूरथला में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से ही पंजाब पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी उत्तराखंड भाग आया और चमोली जिले के बैडाणु गांव में एक कमरा किराए पर ले लिया। खुद को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए वह यहां सिखों के लंगर में सेवादार के रूप में काम करने लगा था ताकि किसी को उस पर शक न हो।
कपूरथला (पंजाब) पुलिस को सर्विलांस और खुफिया तंत्र के जरिए आरोपी के चमोली में छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पंजाब पुलिस की टीम ने उत्तराखंड पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से बैडाणु में छापेमारी की और घेराबंदी कर नवजोत उर्फ मनी बाबा को धर दबोचा।
चमोली पुलिस के सहयोग से पकड़े गए आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पंजाब पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वापस कपूरथला रवाना हो रही है, जहां हत्या के मामले में उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

