हरिद्वार में युवक ने पड़ोसी पर मारपीट।
धमकी और जाति सूचक शब्दों के प्रयोग का लगाया आरोप।
हरिद्वार, 24 जून। जनपद हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र निवासी एक युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपने पड़ोसी पर मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शांतरशाह निवासी जोगेंद्र कुमार पुत्र काशीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 जून 2026 को वह एक शादी समारोह में गया हुआ था। आरोप है कि देर रात गांव लौटते समय पड़ोसी युवक ने रास्ते में उसकी गाड़ी रुकवाकर उसके साथ मारपीट की और धमकी दी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के संबंध में उसने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कथित आरोपी द्वारा बाद में भी लगातार धमकियां दी जाती रहीं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता तथा उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी


