माईथान (खंसर) हत्या कांड: 20 दिन बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर, पीड़ित परिवार से मिले मुकेश नेगी।
लापता होने और शव मिलने के बीच छह दिनों का अंतर रहा। घटना को अब 20 दिनों से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस स्वयं इस मामले को हत्या मान रही है, बावजूद इसके अपराधी अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
इसी क्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गौचर एवं कर्णप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर शीघ्र कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मुकेश नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए अपराधियों तक पहुंचती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कितनी तेजी दिखाती है।


