सड़क निर्माण साइट से कोलतार चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा।

सड़क निर्माण साइट से कोलतार चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा।
खबर शेयर करें:

सड़क निर्माण साइट से कोलतार चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा। 

सहारनपुर का आरोपी गिरफ्तार।


गैरसैंण (चमोली)। चमोली जिले की गैरसैंण पुलिस ने सड़क निर्माण कार्य से बिटुमेन (कोलतार) के ड्रम चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन ड्रम बरामद कर लिए हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सिंह (निवासी ग्राम थैंग, ज्योतिर्मठ) ने कोतवाली गैरसैंण में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के तहत मलगुड-मज्याड़ी मोटर मार्ग (आदिबद्री क्षेत्र) में रेलिंग और सड़क निर्माण का काम चल रहा है। बीती 30 मई की रात को अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल से बिटुमेन (कोलतार) के 20 ड्रम चोरी कर लिए।

तहरीर के आधार पर गैरसैंण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।

गैरसैंण पुलिस ने सटीक सूचनाओं और गहन पूछताछ के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 जून को एक आरोपी मोहतसिम (पुत्र इरशाद, निवासी ग्राम छतौली मुगल, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए 03 बिटुमेन ड्रम बरामद हुए हैं।पूछताछ में पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि शेष माल की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->