14 बोतल, 23 अध्दे और 146 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की के साथ दो गिरफ्तार।
रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोपड़ा बाजार क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। विभाग ने दो व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों से कुल 14 बोतल, 23 अध्दे और 146 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की जब्त की है।
चारधाम यात्रा के दौरान अवैध मदिरा की बिक्री रोकने के उद्देश्य से आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने चोपड़ा बाजार में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध दुकानों की नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें अवैध रूप से रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभाग लगातार प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में उप आबकारी निरीक्षक मधुर कुमार, सिपाही रीना प्रधान, किरण प्रधान एवं सुंदरलाल भी शामिल रहे।


