कुख्यात महिला ड्रग माफिया मेहराज गिरफ्तार।
उत्तरकाशी। कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित कुख्यात महिला ड्रग माफिया एवं गैंगस्टर मेहराज को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार अप्रैल 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने अवैध स्मैक तस्करी के आरोप में दो युवकों, विनोद लाल और शुभम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी स्मैक की खरीदारी मेहराज से करते थे। जांच में संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए मेहराज लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, जिससे उसकी तलाश में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 3 जून 2026 को देहरादून में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मेहराज लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ देहरादून और उत्तरकाशी जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। देहरादून पुलिस भी उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है।


