ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 70 लाख की साइबर ठगी।
उत्तराखंड STF ने महाराष्ट्र से आरोपी दबोचा।
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार देहरादून के राजपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की पत्नी फेसबुक पर शेयर निवेश से जुड़े एक विज्ञापन के संपर्क में आई थीं। ठगों ने स्वयं को वित्तीय सलाहकार बताकर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर आईडी बनवाकर निवेश के नाम पर करीब 69.90 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप डेटा का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने महाराष्ट्र के वर्सोवा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी नाबील करीम जवाहिरे (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक चेकबुक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित की 6.26 लाख रुपये की धनराशि सुरक्षित होल्ड कर ली गई है, जिसे कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वापस कराया जाएगा।
एसटीएफ ने जनता से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को किराये या कमीशन पर न दें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी निवेश प्रस्तावों और कम समय में अधिक लाभ के झांसे से बचें। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


