तिमली मोटर मार्ग पर गहरी खाई में गिरा वाहन, चालक ने चलती गाड़ी से छलांग लगाकर बचाई जान।
अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग):रुद्रप्रयाग जिले के अंतर्गत अगस्त्यमुनि क्षेत्र स्थित गंगानगर-तिमली मोटर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई की ओर लुढ़क गया। हादसे के वक्त वाहन में केवल चालक ही सवार था, जिसने ऐन वक्त पर अद्भुत सूझबूझ का परिचय दिया। चालक ने वाहन के खाई में गिरने से ठीक पहले चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
खाई में गिरने के कारण वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल चालक को प्राथमिक राहत पहुंचाई। गनीमत रही कि समय रहते चालक गाड़ी से कूद गया, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
इस हादसे के बाद स्थानीय जनता और वाहन चालकों में लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने तिमली सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगानगर-तिमली मोटर मार्ग बेहद संकरा और जोखिम भरा है। सड़क के संवेदनशील मोड़ों और गहरी खाई वाली जगहों पर क्रैश बैरियर या सुरक्षा दीवारें (पैराफिट) नहीं लगाई गई हैं। ग्रामीणों ने सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।




