नारायणबगड़ में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे जिलाधिकारी गौरव कुमार।

नारायणबगड़ में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे जिलाधिकारी गौरव कुमार।
खबर शेयर करें:

नारायणबगड़ में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे जिलाधिकारी गौरव कुमार।

मलबे की सफाई और जल निकासी को लेकर दिए कड़े निर्देश।



चमोली / नारायणबगड़, 07 जुलाई 2026 :नारायणबगड़ क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित इलाकों का मंगलवार को जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने गहन स्थलीय निरीक्षण किया। प्रभावित क्षेत्रों में आम जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए जिलाधिकारी ने राहत, पुनर्स्थापन और मलबे की सफाई के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी पुनर्निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और प्रभावितों को तत्काल हरसंभव मदद पहुंचाई जाए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने नारायणबगड़ मुख्य बाजार का पैदल भ्रमण किया। बाजार में जमा मलबे को हटाने और ड्रेनेज (जल निकासी) व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्होंने शेष बचे स्थानों पर सफाई कार्य में तेजी लाने को कहा। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को स्थायी और दीर्घकालिक सुरक्षात्मक उपाय तलाशने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) नारायणबगड़ परिसर, वहां के छात्रावास और प्राथमिक विद्यालय का भी सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई और सभी बुनियादी व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त की जाएं। इसके बाद उन्होंने कौलुसैंण नाले का जायजा लिया और नाले के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा बन रहे मलबे व अवरोधों को तुरंत हटाने को कहा।

मुख्य बाजार क्षेत्र में जिलाधिकारी ने अतिवृष्टि की मार झेल रहे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने आपदा प्रभावितों की समस्याएं और पीड़ा को बेहद करीब से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन संकट की इस घड़ी में पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और उनके नुकसान की भरपाई के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।

 निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे गणेश चंदौला (ब्लॉक प्रमुख, नारायणबगड़),यशवीर सिंह रावत (उपजिलाधिकारी),नंद किशोर जोशी (जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी),पंकज उप्रेती (जिला शिक्षा अधिकारी)विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के आला अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->